BJP Sthapna Diwas: भाजपा 6 अप्रैल को मनाएगी स्थापना दिवस, “सेवा ही संगठन” रहेगा थीम, प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम

भोपाल। भाजपा 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मनाएगी। इस मौके पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थापना दिवस पर “सेवा ही संगठन” की थीम आयोजित की गई है। वहीं, 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का भी जन्मदिन है। पार्टी ने दोनों ही उत्सवों को मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इन दोनों कार्यक्रमों को कोरोना गाइडलाइन्स का पालन करते हुए आयोजित किया जा रहा है। पार्टी ने यह तय किया है कि 6 अप्रैल को स्थापना दिवस ‘सेवा ही संगठन’ की थीम पर मनाया जाएगा, वहीं डॉ. अंबेडकर की जयंती पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम होंगे एवं अजा तथा अजजा वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रमों को लेकर पहले ही प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने स्थापना दिवस की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस पर 6 अप्रैल को प्रत्येक मंडल में ‘सेवा ही संगठन’ के ध्येय वाक्य के साथ स्वच्छता अभियान, मास्क वितरण एवं एक बार में उपयोग होने वाले प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प दिलाने जैसे अनेक सेवाभावी कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
बूथ अध्यक्ष करेंगे मिठाई और फलों का वितरण
बता दें कि स्थापना दिवस के मौके पर सभी बूथ अध्यक्ष अपने-अपने निवास पर पार्टी का झंडा लगाकर मिठाई और फल लोगों को बांटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं पर को विस्तार से लोगों को बताया जाएगा। बूथ पर रहने वाले सभी कार्यकर्ता नये सदस्यों एवं शुभचिंतकों को कार्यक्रम में बुलाने के लिए निमंत्रण भेजेंगे। प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाजपा के गौरवसाली इतिहास व विकास यात्रा पर प्रजेंटेशन दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। कोविड-19 टीकाकरण अभियान में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक लोगों की सेवा कर ‘सेवा ही संगठन’ के संकल्प को बताने के प्रयास में जुटे हैं। डॉ. अंबेडकर की जयंती पर होंगे व्याख्यान, सेवा बस्तियों में कार्यक्रम भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर 14 अप्रैल को प्रदेश के सभी मंडलों पर बाबा साहब के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी जाएगी। साथ ही सेवा बस्तियों में रहने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के वरिष्ठ व गणमान्य नागरिकों तथा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।