नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के पांच वार्ड में हुए उपचुनावों के बुधवार को घोषित परिणामों में चार वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा का खाता भी नहीं खुला। नगर निगम के पांच वार्ड के लिए 28 फरवरी को उपचुनाव हुए थे। इनमें 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ था। चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इरशाद खान को 10,642 मतों से हराया। कल्याणपुरी, रोहिणी-सी, त्रिलोकपुरी और शालीमार बाग नॉर्थ से आप उम्मीदवार जीते हैं।
Delhi: Aam Aadmi Party workers celebrate after party's Sunita Mishra was declared the winner from Ward No 62N, (Shalimar Bagh North)
Sweets being distributed at AAP office where party leader and Deputy CM Manish Sisodia is present pic.twitter.com/YPRbayOGim
— ANI (@ANI) March 3, 2021
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि लोग भाजपा से परेशान हो चुके हैं और अगले साल दिल्ली एमसीडी के चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सच्चाई की राजनीति और काम को मौका देंगे। दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर 2017 में भाजपा पुन: काबिज हुई थी और आप दूसरे स्थान पर रही थी। कल्याणपुरी वार्ड से आप उम्मीदवार धीरेंद्र कुमार ने 7,043 मतों से जीत दर्ज की। त्रिलोकपुरी से आप उम्मीदवार विजय कुमार ने भाजपा के ओम प्रकाश को 4,986 मतों से हराया। शालीमार बाग नॉर्थ वार्ड से आप की सुनीता मिश्रा ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुरभि जाजू को 2,705 मतों से हराया, यह सीट पहले भाजपा के पास थी। रोहिणी सी से आप के राम चंदर ने भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी राकेश गोयल को 2,985 मतों से हराया।