Indore: भाजपा नेत्री के बेटे ने नशे में कार से 20 लोगों को मारी टक्कर, पीछा करती रही पुलिस हाथ नहीं आया आरोपित, देखें वीडियो

इंदौर। प्रदेश के महानगर इंदौर में मंगलवार देर रात भाजपा नेत्री फिरदौस पटेल के बेटे फैजान ने नशे में कार से करीब 20 लोगों को टक्कर मार दी। आरोपी पूरे शहर में तेज रफ्तार कार नशे की हालत में दौड़ाता रहा और जो भी सामने आया उसे कुचल दिया। लोगों ने कई बार फैजान को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन हर बार वह कार की रफ्तार तेज कर रफूचक्कर हो गाया। फैजान मंगलवार की रात नशे में निकला और आजाद नगर से आकाशवाणी केंद्र, पानी की टंकी होते हुए रानीपुरा तक लोगों को घायल करता रहा। मामले की जानकारी के बाद पुलिस भी हरकत में आई और फैजान का 20 किमी तक पीछा किया। हालांकि पुलिस भी फैजान को पकड़ नहीं पाई।
इसके बाद देर रात इंदौर, देवास और शाजापुर की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। शहर के एसपी (पूर्वी) आशुतोष बागरी ने बताया कि शहर के गणेश चौक से रात 11 बजे इसकी शुरुआत हुई। नशे में धुत फैजान सफेद कलर की कार (एमपी 09 सीई 6481) चला रहा था। फैजान ने सबसे पहले मोहम्मद अलमास के दोनों पैरों पर कार चढ़ा दी। इसके बाद एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारते हुए हुसैनी चौक की तरफ चला गया। रास्ते में फैजान ने शोएब और अहमद समेत 8 लोगों को कार से कुचल दिया। आरोपित फैजान इतने नशे में था कि जो भी सामने आया उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
नशे का आदी है फैजान…
पुलिस ने बताया कि फैजान नशे का आदी है। फैजान ने मोहम्मदी मस्जिद के पास बाइक से आ रहे फरवान को भी टक्कर मारी थी। जब फरवान ने कार को रोका तो फैजान ने चाकू और बेसबॉल का बैट दिखाकर डराने लगा। इसी दौरान कुछ और लोग पीछे से दौड़ते हुए आए, इन लोगों को भी फैजान ने टक्कर मारी थी। लोगों को आता देख फैजान कार लेकर भाग खड़ा हुआ। पुलिस को भी मामले की जानकारी मिली तो पुलिस ने भी आरोपित का पीछा किया। फैजान 20 किमी तक पुलिस को दौड़ाता रहा। हालांकि पुलिस आरोपित फैजान को नहीं पकड़ पाई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मानव वध का केस दर्ज कर लिया है।