Bhopal: घूमने का है प्लान, तो इन 10 जगहों पर जाना न भूलें, नमक की चाय से लेकर…

भोपाल। मध्य प्रदेश टूरिज्म का आपने विज्ञापन तो देखा ही होगा ‘एमपी अजब, सबसे गजब है’। सच में एमपी अजब-गजब है। अगर आप भोपाल आ रहे हैं या यहीं रहते हैं तो आज मैं आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में आपको बताउंगा, जहां आपको जरूर जाना चाहिए। भोपाल को मध्य प्रदेश का दिल माना जाता है। इसकी खूबसूरती से लेकर यहां की बोली तक हर चीज से आपको प्यार हो जाएगा।
भोपाल के भौकाल से नमक वाली चाय तक
भोपाल के भौकाल में आपको नमक वाली चाय से लेकर ज़मज़म के चिकन तक, हर कुछ मिलेगा। यहां विकास भी दिखेगा और पुरानी भोपाली संस्कृति भी। अम्मा यार कहने वाले लोग दिखेंगे, तो मैं को में बोलने वाले चच्चा भी। अगर आप प्राकृतिक खूबसूरती के शहर भोपाल में घूमना चाहते हैं तो इन 10 जगहों पर जरूर जाएं।
1. मनुआभान टेकरी
लालघाटी स्थित मनुआभान टेकरी भोपाल की सबसे उंची जगह में से एक है। अगर आप यहां जाते हैं तो यहां आपको पूरा शहर दिखेगा। साथ ही आप यहां बैठकर राजा भोज एयरपोर्ट को भी देख सकते हैं। प्लाइट को टेकऑफ और लैंड करते हुए देखना, यहां से एक अलग ही अनुभव होता है।
2. वीआईपी रोड
वहीं अगर आप मनुआभान टेकरी जा रहे हैं तो इस बीच वीआईपी रोड जाना ना भूलें। बड़ी झील के ऊपर बनी इस सड़क पर सुबह का नाजारा बेहद ही खूबसूरत होता है। साथ ही आप यहां शाम के वक्त भी जा सकते हैं। रंग बिरंगी लाइटिंग के साथ राजा भोज की बड़ी सी मूर्ति को आप यहां देख सकते हैं। रात में ये सड़क काफी हसीन लगती है।
3. बड़े तलाब में नौका-विहार
भोपाल को झीलों का शहर भी कहा जाता है। अगर आप भोपाल आते हैं तो और बड़े तलाब की तरफ नहीं जाते हैं तो फिर आपका भोपाल आना ही बेकार है। आप यहां जाकर शाम के वक्त नौका-विहार का आनंद ले सकते हैं। आपको यहां अलग ही सुकून और शांति मिलेगी।
4. नमक वाली चाय पीना ना भूलें
अम्मा यार भोपाल आए और नमक वाली चाय ना पीए तो क्या पीए। आपने घर से लेकर बाहर तक चीनी वाली या फिकी चाय जरूर पी होगी। लेकिन नमक वाली चाय आपको केवल भोपाल के बुधवारा में ही पीने को मिलती है। पुराने भोपाल में कई ऐसे दुकान हैं जहां नमक वाली चाय मिलती है। हालांकि इस चाय को केवल नमक से ही नहीं बनाया जाता। बल्कि चाय में जरा सा नमक डाला जाता है। आपको यह सुनकर थोड़ा अजीब जरूर लग सकता है। लेकिन यकिन मानिए ट्राई करने के बाद आप इसके कायल हो जाएंगे।
5. केरवा डैम तक राइड
अगर आप घूमने के शौकीन हैं तो आपको एक बार केरवा डैम तक बाइक या स्कूटी से राइड जरूर करना चाहिए। प्रकृति ने इस जगह को काफी शिद्दत से तराशा है। अगर आप यहां जाएंगे तो इसकी खूबसुरती में खो जाएंगे। भोपाल के लोग यहां अक्सर आया करते हैं। कुछ लोग अपने दोस्तों के साथ घूमने आते हैं तो कई लोग अपने परिवार के साथ यहां आकर पिकनिक का लुफ्त उठाते हैं। इसके साथ ही आप कलियासोत, भदभदा और कोलार डैम जैसे कई अन्य डैम भी जा सकते हैं।
6. एशिया के सबसे बड़ा मस्जिद ताज-उल मसाजिद
एशिया के सबसे बड़े मस्जिद ताज-उल मसाजिद की नक्काशी को आप देखना ना भूलें। अगर आपको इतिहास में थोड़ी सी भी दिलचस्पी है, तो आपको यहां जरूर जाना चाहिए। गुलाबी रंग की इस विशाल मस्जिद में दो सफेद गुंबदनुमा मीनारें हैं। जिसे लोग दूर-दूर से देखने आते हैं।
7. भारत भवन से झील का नजारा
शाम के वक्त भारत भवन से झील का नजारा देखना काफी मनमोहक लगता है। भारत भवन वो जगह है जहां थियेटर आर्टिस्ट अपनी कलाओं का प्रदर्शन करते हैं। यहां आने पर आपको कई बार जाने-माने थियेटर आर्टिस्ट और फिल्म कलाकार यू ही घूमते दिख जाएंगे। यहां से झील को देखना काफी दिलकश लगता है।
8. मानव संग्रहालय
अगर आप यहां जाते हैं तो आपको आदिमानव के विकास की कहानी देखने को मिलेगा। साथ ही आप यहां घंटों घूम सकते हैं। 197 एकड़ में फैले इस संग्रहालय में आपको मानव इतिहास के बारे में पता चलेगा।
9. न्यू मार्केट से शॉपिंग
घूमना फिरना तो हो गया। लेकन जब घूमने आए हैं तो कुछ शॉपिंग भी करेंगे। वैसे तो भोपाल में कई ऐसी जगहें हैं जहां से आप शॉपिंग कर सकते हैं। लेकिन न्यू मार्केट आपके लिए सबसे बेस्ट जगह है। इसके साथ ही आप सीटी में भी शॉपिंग कर सकते हैं।
10. भोजपुर मंदिर
इस मंदिर को मैंने सबसे लास्ट में इस लिए रखा है। क्योंकि यह भोपाल शहर से दूर है और यह रायसेन जिले में पड़ता है। लेकिन राजधानी से महज 30 किलोमीटर दूर भोजपुर गांव में स्थापित भोजेश्वर शिव मंदिर में आपको जरूर जाना चाहिए। इस मंदिर को बेतवा नदि के किनारे बनाया गया है। मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। अगर आप भोपाल आ रहे हैं तो इस मंदिर के दर्शन किए बिना मत जाना।
Image source- @reyaz4d