भोपाल। Bhopal AIIMS News बदलता मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। ऐसे में अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। यही कारण है कि भोपाल एम्स में भी अब ओपीडी के समय में बदलाव कर दिया गया है। यहां अब दो घंटे अधिक समय के लिए ओपीडी को खोला जाएगा। इतना ही नहीं लोगों की ब्लड सैंपलिंग और अन्य जांचों के लिए भी अब समय में बदलाव किया गया है।
दो घंटे मिलेंगे एक्स्ट्रा —
आपको बता दें नए समय के अनुसार अब एम्स में ओपीडी रजिस्ट्रेशन का समय सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। तो वहीं शनिवार के लिए ये समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक का तय किया गया है। तो वहीं ओपीडी का समय भी सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से 4 तो वहीं शनिवार के लिए ये समय सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा।
पहले दोपहर 2 बजे तक का था समय —
इस नए समय के अनुसार अब मरीजों को दो घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा। आपको बता दें पहले ओपीडी का समय दोपहर 2 बजे तक था। लेकिन अब इसे 2 घंटे बढ़ाकर 4 बजे तक कर दिया गया है। इससे सबसे ज्यादा फायदा बाहर से आने वाले मरीजों को होगा। जो समय कम होने के चलते इलाज नहीं ले पाते थे।
इतने समय तक हो सकेगी सैंपलिंग —
ओपीडी के साथ—साथ मरीजों की जांच के लिए सैंपलिंग के समय में भी बदलाव किया गया है। सैंपल संग्रहण की सेवाएं सुबह 8 से 5 तो वहीं शनिवार के दिन ये काम सुबह 8 बजे से 3 बजे तक होगा। लेकिन इमरजेंसी की स्थिति में ये सेवाएं 24 घंटे के लिए चालू रहेंगी। इस नए आदेश के अनुसार रेडियोलॉजी सेवाएं सुबह 8 से रात 8 बजे तक और शनिवार सुबह 8 से 3 तक के लिए रहेंगी। आपको बता दें ये नया समय कल यानि 1 दिसंबर से लागू हो जाएगा।