रेप के बाद पीड़िता और आरोपी को रस्सी से बांधकर निकाला जुलूस, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, रिश्तेदार गिरफ्तार

अलीराजपुर। प्रदेश सहित पूरे देश में सरकारों समेत तमाम निजी संस्थान महिला सशक्तीकरण को लेकर काम कर रहे हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी पूरी तरह महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसी तरह प्रदेश के अलीराजपुर से एक शर्मनाक मामला सामने आ रहा है। यहां लोगों ने रेप पीड़िता और आरोपी को रस्सी से बांधकर जुलूस निकाला। इतना ही नहीं नाबालिग पीड़िता की पिटाई भी की गई है। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए लड़की के 6 रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के जोबट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़िता और आरोपी की मुलाकात गुजरात में हुई थी। इसके बाद दोनों अपने- पने गांव लौट आए। पीड़िता के रिश्तेदारों ने शनिवार को लड़की और आरोपी को एक साथ पकड़ा था।
भारत माता की जय के लगे नारे
इसके बाद लड़की के रिश्तेदारों ने आरोपी और पीड़िता को रस्सी से बांधकर पीटा है। साथ ही जुलूस निकाले हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक नाबालिग लड़की को युवक के साथ रस्सी से बांधा हुआ है। कुछ युवक भारत माता की जय के नारे लगाते हुए पीड़िता और आरोपी के साथ चल रहे हैं। आरोप है कि लड़की के रिश्तेदारों ने दोनों की पिटाई भी की है। वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर जिले के एसपी और तमाम पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी शिकायत में पीड़िता ने अपने ही रिश्तेदारों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, अपमानजनक व्यवहार करने का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने आरोपी लगाया है कि रिश्तेदारों द्वारा जान से मारने की कोशिश की भी शिकायत की है। पुलिस बताया कि दोनों शिकायतों के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।