Collectors Transfers: दमोह उपचुनाव के बाद बदले कलेक्टर और एसपी, एस कृष्ण चैतन्य होंगे जिले के नए कलेक्टर

दमोह। प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट पर हाल ही में उपचुनाव आयोजित किए गए थे। यहां 2 मई को उपचुनाव का परिणाम भी घोषित हो गया है। यहां के चुनावों के परिणाम के एक हफ्ते के अंदर ही यहां के कलेक्टर और एसपी को बदल दिया गया है। यहां के कलेक्टर तरूण राठी की जगह अब एस कृष्ण चैतन्य जिले के नए कलेक्टर होंगे। वहीं एसपी हेमंत चौहान की जगह अब आर तेनिवार जिले के नए एसपी होंगे। बता दें कि शुक्रवार को प्रदेश के पांच कलेक्टर्स के तबादले किए गए हैं। इनमें दमोह के मौजूदा कलेक्टर तरुण राठी का भी नाम भी शामिल है। राठी को दमोह कलेक्टर के पद से हटाकर मंत्रालय में उप सचिव के पद का पदभार दिया गया हे।
इसके बाद अनूप कुमार सिंह को दमोह का नया कलेक्टर बनाया गया था। हालांकि यह आदेश सरकार ने केवल पांच घंटे में ही बदल दिया है। अब एस कृष्ण चैतन्य को दमोह का नया कलेक्टर बनाया गया है। बता दें कि दमोह विधानसभा सीट पर हाल ही में उपचुनाव आयोजित किए गए थे। यहां काफी चुनावी घमासान देखने को मिला था। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी अजय टंडन ने भाजपा के राहुल लोधी को हराया है। दमोह हाल ही में चुनावों को लेकर काफी चर्चा में रहा। यहां चुनाव को देखते हुए कोरोना नियमों को भी ताक पर रखकर प्रचार हुआ है। इसके बाद यहां कोरोना का भी खतरा मंडरा रहा है।