Gwalior News: भिंड के बाद अब ग्वालियर में जहरीली शराब पीने से दो लोगों ने तोड़ा दम, चार अस्पताल में भर्ती

ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर चंबल क्षेत्र में जहरीली शराब से होने वाली मौत की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। बीते दिनों चंबल क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से दो दर्जन से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इस खबर के बाद जहरीली शराब को लेकर काफी हंगामा भी हुआ था। अब बीते बुधवार को भी जहरीली शराब पीने के कारण पांच लोगों की मौत का मामला थमा नहीं था कि ग्वालियर में भी दो लोगों की मौत हो गई।
वहीं चार अन्य लोगों की हालत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। भर्ती कराए गए लोगों की आंख की रोशनी कमजोर हुई है। इस खबर के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। ग्वालियर जिले के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में आने वाले गांव चंदूपुरा में होली के दिन कुछ लोगों ने शराब पी थी। इसके बाद दो लोगों की मौत हो गई। यहां होने वाली मौत के बाद यहां हड़कंप मच गया। वहीं चार अन्य लोगों की आंख की रोशनी भी काफी कम हो गई।
आंखों की रोशनी हुई कम…
इसके बाद लोगों को ग्वालियर अस्पताल में भर्ती किया गया है। यहां के रहवासियों ने बताया कि गांव के निवासी प्रदीप परिहार और विजय परिहार की मौत हो गई है। वहीं बंटी रजक, तेजसिंह रजक, राकेश माहौल और चंद्रपाल को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इन चारों की आंखों की रोशनी काफी कम हुई है। इन चारों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं।
बता दें कि चंबल अंचल में आने वाले मुरैना जिले में भी पिछले दिनों जहरीली शराब पीने के कारण 27 लोगों की मौत हो गई थी। इन मौतों के बाद काफी बवाल मचा था। शिवराज सिंह ने यहां के अधिकारियों को निलंबित और कुछ के तबादले करा दिए थे।