Corona Update: प्रदेश में शुक्रवार को मिले रिकॉर्ड 4882 मरीज, 3.27 लाख पहुंची मरीजों की संख्या…

भोपाल। प्रदेश में लगातार कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। रोजाना हजारों नए संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। अस्पताल मरीजों से पटे पड़े हैं। प्रदेश के लगभग सभी सरकारी अस्पतालों के बेड फुल चल रहे हैं। इसके लिए सीएम शिवराज सिंह ने शनिवार और रविवार को पूरे प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में टोटल लॉकडाउन का आदेश भी दिया है। वहीं राजधानी के कोलार क्षेत्र में भी लॉकडाउन लगाया गया है। वहीं शुक्रवार को रिकॉर्ड 4882 नए संक्रमित मरीज मिले हैं।
इन नए मरीजों के साथ अब तक कोरोना से 3,27,220 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इन आंकड़ों में खास बात यह है कि अप्रैल महीने में 2, 2,777 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। शुक्रवार को मिलने वाले संक्रमित मरीजों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले पिछले साल 18 सितंबर को एक दिन में 2552 नए संक्रमित मरीज मिले थे। इसके बाद से मरीजों की संख्या में लगातार कमी आई थी।
2 अप्रैल से लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या…
अब इस महीने 2 अप्रैल से लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 4882 नए मरीज सामने आए हैं। यह अब तक की एक दिन में मिलने वाले मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले बीते बुधवार को 4,043 और गुरुवार को 40423 नए मामले सामने आए थे। शुक्रवार लगातार 15वां दिन है जब 2 हजार से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि पॉजिटिविटी रेट भी काफी बढ़ा है। अब यह रेट 13 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इस रेट के हिसाब से 100 सैंपल में से 13 लोग संक्रमित निकल रहे हैं।
नए केस के अलावा शुक्रवार को 23 लोगों की मौत भी हुई है। इसके बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 4,136 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश के सभी 52 जिलों में नए केस मिले हैं। वहीं 49 जिलों में दोहरी संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। साथ ही शुक्रवार को प्रदेशभर में 2433 लोग कोरोना संक्रमण को हराकर अस्पतालों से डिस्चार्ज भी किए गए हैं। मरीजों के ठीक होने की संख्या भी अब प्रदेश में 292598 पहुंच गई है। शुक्रवार तक प्रदेश में एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 30,486 है।