Damoh Upchunav 2021: दमोह चुनाव से पहले कांग्रेस को लग सकता है एक और झटका, भाजपा में शामिल हो सकते हैं पूर्व मंत्री के भाई…

दमोह। प्रदेश की दमोह विधानसभा सीट पर इन दिनों चुनावी घमासान मचा हुआ है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल यहां अपनी-अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर सीट जीतने की जुगत में जुटे हैं। इन सब के बीच कांग्रेस को एक झटका देने वाली खबर सामने आई है। इसमें पूर्व मंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता के भाई भाजपा में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आज दमोह कांग्रेस नेता के भाई के घर पहुंचेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दौरान वह भाजपा ज्वाइन कर सकते हैं। इतना ही नहीं इसकी चर्चा काफी समय से राजनीतिक गलियारों में चल रही है। साथ ही कार्यकर्ताओं का भी निवास पर आना जाना लगा हुआ है। सूत्रों की मानें तो पूर्व मंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता पंडित मुकेश नायक के भाई पंडित सतीश नायक आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। दमोह विधानसभा सीट पर उपचुनाव के घमासान के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की सक्रियता तेज दिख रही है।
इसलिए लगाए जा रहे कयास…
दरअसल पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पंडित मुकेश नायक के भाई सतीश नायक का एक आमंत्रण पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पत्र में मंगलवार (30 मार्च) को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सतीश के घर पहुंचने की बात कही है। इस आमंत्रण पत्र में लिखा गया है कि 30 मार्च को दोपहर 1.30 बजे सीएम शिवराज सिंह और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का हमारे घर (पंडित सतीश नायक) पर आगमन हो रहा है। आप सादर आमंत्रित हैं। बता दें कि इस आमंत्रण पत्र के बाद लोग कयास लगा रहे हैं कि आज सतीश भाजपा में शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। लोगों का मानना है कि नायक अब हाथ का साथ छोड़कर कमल का दामन थामेंगे। इससे नायक को आने वाले विधानसभा चुनावों में काफी लाभ मिलेगा। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं की गई है। अब असली मामला तो आज 1.30 बजे के बाद ही साफ होगा।