Today Latest Updates 04 August 2025: आज 04 अगस्त 2025 को देश-दुनिया से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। आज की सभी बड़ी और ताजा खबरें यहां पढ़ें..
1.00 PM
‘सच्चे भारतीय होते तो ऐसा न कहते’- सुप्रीम कोर्ट
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भारतीय सेना के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा है कि आपको कैसे पता चला कि चीन ने 2000 किलोमीटर तक भारत की जमीन हड़प ली है? अगर आप सच्चे भारतीय होते तो ऐसा नहीं कहते। आपको बता दें राहुल गांधी ने भारतीय सेना के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ मानहानि को चुनौती देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
11:24AM
संसद भवन के पास महिला सांसद से चेन स्नैचिंग
दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले चाणक्यपुरी इलाके में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। संसद भवन से कुछ ही दूरी पर मॉर्निंग वॉक कर रही महिला सांसद आर. सुधा के साथ चेन स्नैचिंग की वारदात हुई। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु के मयीलाडूतुरै से कांग्रेस सांसद एम. सुधा पिछले एक साल से तमिलनाडु भवन में रह रही हैं।
11:16 AM
यूपी में बाढ़ की चपेट में अब तक 11 मौतें
उत्तर प्रदेश में मानसून ने कहर बरपाया है। लगातार बारिश से अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 17 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और राहत-बचाव कार्य जारी हैं। कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, वहीं 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
11:06 AM
CG में गांजा तस्कर की 4 करोड़ की संपत्ति जब्त
राजनांदगांव जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। SAFEMA कोर्ट मुंबई के निर्देश पर पुलिस ने एक कुख्यात तस्कर की करीब 4 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई NDPS एक्ट 1985 की धारा 68 के तहत हुई है।
10:58 AM
रक्षाबंधन से पहले सोने की कीमतों में गिरावट
4 अगस्त को 24 कैरेट सोना 98,600 से 1,01,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी की कीमत 1,13,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर है। त्योहार से पहले खरीदारी करने वालों के लिए यह सही समय हो सकता है।
10:27 AM
बिलासपुर HC में चतुर्थ श्रेणी के 35 पदों पर भर्ती
बिलासपुर हाई कोर्ट में सफाईकर्मी, माली, ड्राइवर, कुक, प्लम्बर सहित 35 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। यह भर्तियां आकस्मिकता निधि से वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
10:10 AM
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा’
रक्षाबंधन 2025 के अवसर पर यूपी सरकार ने महिलाओं को 3 दिन तक फ्री बस यात्रा की सुविधा दी है। 8 अगस्त की सुबह से 10 अगस्त की रात तक महिलाएं UPSRTC और सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। अधिकारियों को पर्याप्त बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
10:02 AM
झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उनके निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है।
9:27 AM
रायपुर MG कार शो रूम कार समेत गिरी लिफ्ट
सरोना स्थित MG कार शो रूम में एक कार लिफ्ट सहित गिर गई जिससे एक सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का नाम राज एस. राव है। घटना के बाद शो रूम में अफरातफरी का माहौल बन गया।
8:18 AM
छत्तीसगढ़ में 12 जिलों में बारिश की चेतावनी
सरगुजा, रायगढ़, सूरजपुर समेत छत्तीसगढ़ के 12 जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। आने वाले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
7:20 AM
यूपी के 46 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में इस सीजन की सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
7:00 AM
एमपी के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर
ग्वालियर, मुरैना, भिंड समेत 8 जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी है। मंदाकिनी नदी उफान पर है, जिससे चित्रकूट की सैकड़ों दुकानों में पानी भर गया है। अब तक प्रदेश में औसतन 28.4 इंच बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 9 इंच अधिक है।