हाइलाइट्स
- रंगपंचमी की गेर में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
- छतो को बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है।
- बुक माय शो से छतो के लिए बुकिंग कर सकते हैं।
Indore Rangpanchami Ger 2025: रंगपंचमी पर निकलने वाली इंदौर की प्रसिद्ध गेर इस साल 75 साल पूरे करने जा रही है। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए गेर में बड़े बदलाव की पहल की जा रही है। इस बार गेर को और अधिक पारिवारिक और सुरक्षित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
इस बार गेर में हुड़दंग कम करने और इसे पूरी तरह पारिवारिक उत्सव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शहर की महिलाओं, युवतियों और बच्चियों को बड़ी संख्या में गेर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजकों ने महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए कई नई व्यवस्थाएं की हैं।
सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
गेर आयोजकों ने महिलाओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए टोरी कॉर्नर रंगपंचमी महोत्सव समिति, संगम कॉर्नर और मॉरल क्लब के साथ मिलकर एक व्यापक रणनीति तैयार की है।
पुलिस और प्रशासन की टीम भी गेर के दौरान पूरी तरह तैनात रहेगी। इसके अलावा, गेर मार्ग और राजबाड़ा पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी।
छतों से गेर का आनंद
इस बार भी गेर का आनंद लेने के लिए शहर के करीब आठ घरों की छतों पर बैठक व्यवस्था की जा रही है। इन छतों पर लगभग 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बुक माय शो पर ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जा रही है। बुकिंग सोमवार से शुरू होगी और लोगों को छतों तक पहुंचाने के लिए 20 से 25 स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे।
इंदौर रंगपंचमी की गेर देखने के लिए बुकिंग कैसे करें?
- स्टेप 1- सबसे पहले बुकमाय शो bookmyshow.com/ में जाएं।
- स्टेप 2- वेबसाइट पर शहर ‘इंदौर’ का चयन करें और एक्टिविटीज पर क्लिक करें।
- स्टेप 3- अब ‘Indore Gair 2025’ के ऑप्शन पर क्लिक करें।
- स्टेप 4- बुकिंग पर क्लिक करें। पृथ्वीलोक भोजनालय और सुभाष चौक नगर पालिका पार्किंग में से अपनी सुविधा से कोई चेक चुनें।
- स्टेप 5- फिर 100 रुपये का भुगतान करें। आपकी इंदौर गेर देखने के लिए छत की बुकिंग हो जाएगी।
- स्टेप 6- बता दें 8.30 के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। लोग छत पर रंग नहीं खेल सकते। छत से गुलाल फेंकने की अनुमति नहीं होगी।
यूनेस्को की सूची में शामिल होने की तैयारी
इंदौर की इस ऐतिहासिक गेर को यूनेस्को की सूची में शामिल करने का प्रस्ताव संस्कृति विभाग द्वारा भेजा गया है। इस गेर की खासियत यह है कि इसमें कई मीटर ऊंचाई तक रंग और गुलाल उड़ाया जाता है, जो देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है।
प्रशासन की गेर को लैकर तैयारियां
स्मार्ट सिटी के सीईओ दिव्यांक सिंह ने बताया कि रविवार को गेर मार्ग के निवासियों के साथ बैठक की जाएगी। इस बैठक में छतों पर बैठक व्यवस्था को लेकर चर्चा होगी। इसके अलावा, गेर के दौरान एंबुलेंस और विद्युत तारों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
पिछले साल गेर के दौरान घरों की छतों पर बैठक व्यवस्था की शुरुआत की गई थी, जो काफी सफल रही। इस बार भी इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि 200 से 250 लोगों को छतों पर बैठकर गेर का आनंद लेने की सुविधा मिल सके।
छतों पर बैठकर गेर देखने के लिए कितना शुल्क लिया जाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि न्यूनतम शुल्क पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़ें-