MP Weather Update: मध्यप्रदेश में अब सुबह और रात में ठंड पड़ रही है, जबकि दिन में तेज धूप खिल रही है। 1 फरवरी को ऐसा ही मौसम रहा। नर्मदापुरम, कल्याणपुर, मंडला, खंडवा और सिवनी में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सोमवार (3 फरवरी) को ग्वालियर-चंबल में बादल छाएंगे और बूंदाबांदी हो सकती है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने कहा कि एमपी के कुछ क्षेत्रों में पहले हफ्ते बादल छाए रहेंगे। 12 से 14 फरवरी के बीच बारिश होने की संभावना है। 20 फरवरी के बाद ठंड का असर कम होगा। जिससे दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
मौसम परिस्थितियां
पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर माध्य समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किमी पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में अवस्थित है। चक्रवातीय परिसंचरण हरियाणा और निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर एक्टिव है। वहीं, 3 फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के द्वारा पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
फरवरी के पहले दिन 30 डिग्री से ज्यादा पारा
1 फरवरी (शनिवार) को सर्वाधिक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस सिवनी में दर्ज किया गया। सिवनी में 33 डिग्री, खंडवा में 32.1 डिग्री, मंडला 32 डिग्री, कल्याणपुर में 31.9 डिग्री और नर्मदापुरम में 31.4 डिग्री दर्ज किया है। वहीं, न्यूनतम तापमान राजगढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
देश के अन्य राज्यों के हाल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई प्रदेशों में मौसम की स्थिति बदलने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी राज्यों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।
IMD ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दो से तीन दिनों में हल्की बारिश की संभावना है। सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति रहेगी। शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम करवट लेगा। आईएमडी ने यूपी के कई जिलों में अगले कुछ दिनों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बर्फबारी की संभावना है।