Bhind Loot News: भिंड में शनिवार शाम सराफा दुकान में लूट करने वाले बदमाशों का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर कर पकड़ लिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अटेर के बीहड़ पहुंची। यहां पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है। तीसरे को भी हिरासत में ले लिया है।
10 मिनट में लूटकर हुए फरार
दरअसल, शनिवार शाम 7 बजे बदमाश सराफा व्यापारी आनंद सोनी की दुकान में घुस गए। उन्होंने दो फायर किए और व्यापारी पर कट्टा अड़ा दिया। बदमाशों ने व्यापारी से कहा, पुलिस से कह देना कि मुंबई में बहुत लूट की है। ये माया गैंग है। आरोपी दस मिनट में सोना लूटकर बाइक से भाग गए।
बदमाशों ने किए हवाई फायर
आनंद ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी शाम को दुकान में थे। वह पूजा करके देवी लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने अगरबत्ती जला रहे थे। तभी तीन बदमाशों ने दो हवाई फायर किए। एक गोली दुकान की शटर में लगी। दो गुंडों ने व्यापारी और साथी कर्मचारी पर कट्टा अड़ा दिया। तीसरे आरोपी ने दुकान में रखे माल को समेट लिया।
यूपी भागने की फिराक में थे बदमाश
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उत्तरप्रदेश भाग रहे थे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश फायरिंग कर अटेर किले की तरफ भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए दो आरोपियों की पहचान आंशू श्रीवास और राकेश तोमर के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एसपी असित यादव ने बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
व्यापारी की तबीयत बिगड़ी
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद व्यापारी आनंद सोनी का स्वास्थ्य बिगड़ गया। परिजन उन्हें घर लेकर गए। पुसिस को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस और देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी को जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें-