Jalebi Baba : हरियाणा के फतेहाबाद के टोहना में एक बाबा की करतूतें सामने आई हैं, नाम है जलेबी बाबा जिसकी उम्र 63 साल है। बाबा की करतूतें ऐसी है कि जिसने भी जाना सुनकर दंग ही रह गया। यह वही बाबा है जिसे फास्ट-ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने 100 से ज्यादा महिलाओं के साथ रेप और उनका वीडियो बनाने का दोषी ठहराया है। इस बलात्कारी बाबा को क्षेत्र में जलेबी बाबा और अमरपुरी ‘बिल्लू’ के नाम से जाना जाता है। वैसे इसका असली नाम अमरवीर है।
बाबा के पास से मिले 120 वीडियो
खबरों के अनुसार जलेबी बाबा वीडियो क्लिप का इस्तेमाल महिलाओं का शोषण करने और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए करता था। टोहाना पुलिस ने 19 जुलाई, 2019 को उसके खिलाफ तब मामला दर्ज किया था, जब शहर में एक वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस ने जब जांच की तो बाबा के पास से करीब 120 वीडियो क्लिप मिले, जो अलग अलग महिलाओं के थे। ये सारे वीडियो बाबा के मोबाइल से ही सूट किए गए थे।
कौन है जलेबी बाबा?
जलेबी बाबा टोहना में करीब 23 साल पहले पंजाब के मनसा शहर से आया था। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। जलेबी बाबा की चार लड़कियां और दो लड़के है। जलेबी बाबा पहले 13 सालों तक एक जलेबी स्टॉल चलाता था। उस दौरान उसकी मुलाकात एक तांत्रिक से हुई थी। अमरवीर ने तांत्रिक से तंत्र-मंत्र की शिक्षा ली और शहर से गायब हो गया और हरियाणा के टोहाना में रहने लगा। यहां उसने कई महिलाओं को अपने झांसे में फंसा लिया। साल 2018 में उसके एक परिचित की पत्नी ने बाबा पर मंदिर के अंदर रेप करने का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। लेकिन अब बाबा को 100 से अधिक महिलाओं के साथ रेप करने का दोषी ठहराया है।