जब चुनाव आता है तब कांग्रेस को हिंदुत्व और हिन्दू देवी-देवता याद आते हैं यह बात कही है मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल गांधी के उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर आने को लेकर कही है। उन्होंने कहा है कि देश आज़ाद होने के बाद कांग्रेस ने लगातार हिन्दू परम्पराओं पर कुठाराघात किया है। भगवा आतंकवाद जैसे शब्द देश-दुनिया में कांग्रेस ने प्रचलित किया है कांग्रेस का विचार हिन्दुओं के खिलाफ़ है। हर चुनाव के पहले राहुल गाँधी, प्रियंका गाँधी या कांग्रेस के अन्य नेता हिन्दू बनने की कोशिश करते हैं। राहुल गाँधी, सोनिया गाँधी या प्रियंका गाँधी कभी घर में पूजा करते हुए नहीं दिखाई दिए, लेकिन चुनाव आते हैं तो बाबा महाकाल याद आते हैं।
भारत जोड़ो यात्रा में फिल्म अभिनेत्री पूजा भट्ट के शामिल होने पर मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने बयान में कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा पूरी तरह से फ्लाप हुई है। भारत जोड़ो यात्रा स्क्रिप्टेड यात्रा है जनता उनके साथ नहीं जुड़ रही। भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ इकट्ठी करने के लिए फिल्म अभिनेत्री पूजा भट्ट को बुलाया गया। कांग्रेस और नेहरू परिवार ने देश की जनता के हितों में हंटर चलाये हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी कैडर बेस पार्टी है। हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को भाजपा का विचार, परंपरा और लक्ष्य क्या है इसके लिए प्रशिक्षित किया जाता है। केन्द्रीय या बूथ स्तर का कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर जनता का कल्याण और प्रदेश का विकास करे।
सारंग ने दिग्गी पर साधा निशाना
इस दौरान मंत्री सारंग ने भारत जोड़ो यात्रा में दिग्विजय सिंह के क्रिकेट खेलते हुए वायरल वीडियो पर निशाना साधाते हुए कहा कि जो होता नहीं है उसको दर्शाया जाता है। दिग्विजय सिंह अपने क्रिकेट खेल के वीडियो को वायरल करके राहुल गाँधी से प्रतिष्पर्धा स्थापित कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह क्रिकेट खेलकर ये इंगित कर रहे हैं की अभी तो मैं जवान हूँ। दिग्विजय सिंह कुंठा में जी रहे हैं। नेहरु परिवार ने दिग्विजय सिंह के सामने से अध्यक्ष की थाली को छीन लिया।
मेडिकल की पढ़ाई पर बोले सारंग
मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुरू करने को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा करने वाले हम देश के पहले राज्य हैं। जो भी राज्य हिंदी में पाठ्यक्रम तैयार करने की जानकारी और मदद मांगेगा उसके लिए हम तत्पर हैं मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बना जिसने मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुरू की है। हमारा सपना है की पूरे देश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुरू हो।