रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच भारत सरकार द्वारा ऑपरेशन गंगा अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें यूक्रेन में फंसे लोगों को वहां से निकाला जा रहा है। भारतीय वायु सेना (IAF) का विमान रोमानिया से भारत आ रहा है। इसमें लगभग 200 भारतीय नागरिकों को लाया जा रहा है। यह फ्लाइट पहले रात 11 बजे आने वाली थी लेकिन देरी के कारण यह करीब 1:30 बजे पहुंचेगी।
भारतीय वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि कल सुबह तक दो और विमान हंगरी और पोलैंड से आ जाएंगे। भारतीय वायु सेना ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए अभी तक 4 उड़ानें शुरू की है। इसके साथ ही यूक्रेन से नागरिकों को निकालने के लिए कई C-17 परिवहन विमान को स्टैंड बाई पर रखा गया है।
भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि हम यूक्रेन से हमारे नागरिकों को निकालने के लिए सभी तरह की आवश्यकता को पूरा करने को तैयार है। सी-17 ग्लोबमास्टर्स और आईएल-76 परिवहन विमान में लगभग 400 यात्रियों के साथ लंबी दूरी की उड़ान भरी जा सकती है। अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जा कर लेने के समय भी C-17 ग्लोबमास्टर विमान से भारतीय नागरिकों और अधिकारियों को निकाला गया था।