चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कमला वर्मा का मंगलवार देर रात निधन हो गया है। वह पिछले दिनों ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। भाजपा की वरिष्ठ नेता कमला वर्मा तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। कुछ दिनों पहले वह कोरोना संक्रमित हो गईं थी। इसके बाद उनके चेहरे में सूजन आने पर ब्लैक फंगस के इंफेक्शन की भी डॉक्टर्स ने पुष्टी की थी।
21 मई को उन्हें यमुनानगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार देर रात उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। ब्लैक फंगस के उपचार के दौरान कमला वर्मा के परिजनों ने जरूरी इंजेक्शन और दवाएं न मिल पाने का आरोप भी लगाया था। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कमला वर्मा के निधन पर शोक जताया है।
हरियाणा प्रदेश भाजपा की पहली महिला अध्यक्ष और तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुकीं कमला वर्मा जी के निधन से एक युग का अवसान हो गया है।
आपके व्यक्तित्व में संगठनात्मक क्षमता के साथ गुड-गवर्नेंस को लेकर जो संकल्प शक्ति समाहित थी, वो सद्गुण सदैव हमें जनकल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। pic.twitter.com/YjFMyphPNv
— Manohar Lal (@mlkhattar) June 8, 2021