छतरपुर। प्रदेश के छतरपुर जिले से आय दिन अपराध के मामले सामने आते रहते हैं। हाल ही में यहां जमीन विवाद को लेकर एक निर्मम हत्या की खबर आई थी। जिसमें एक युवक ने अपने सगे चाचा के कुल्हाड़ी से दो टुकड़े कर दिए थे। अब ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। जिले के अलीपुरा थाना क्षेत्र में आने वाले गांव करारा गंज में जमीनी विवाद के चलते एक आरोपी ने अपने ही भाई-भाभी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वहीं मृतक के बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपी हत्या के बाद मौके से फरार हो गया। मामला शनिवार सुबह 4 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस ने के मुताबिक मृतक दीनदयाल कुशवाह (45) और उसकी पत्नी सीमा कुशवाहा (42) कारारा गंज में रहते हैं। शुक्रवार को दोनों अपने तीन बच्चों समेत अपने खेत पर सो रहे थे।
भाई बना भाई का हत्यारा
शनिवार सुबह दीनदयाल का छोटा भाई आनंदपाल कुशवाह (38) खेत पर पहुंचा। आनंदपाल ने अपने भाई-भाभी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले कुल्हाड़ी से भाई पर हमला किया। इसी दौरान जब भाभी की नींद टूटी तो आरोपी ने उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी दे मारी। आरोपी ने हमले इतने जोरदार किए कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बच्चे जागे और जान बचाने के लिए खेतों की तरफ भागे। बच्चों ने भागकर मामले की जानकारी आस-पास के लोगों को दी। इसके बाद वहां मौजूद लोग जब मौके पर पहुंचे तो दीनदयाल और सीमा की मौत हो चुकी थी। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।