भोपाल। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मप्र की विश्व धरोहर भीमबेटका भित्ति चित्र पर आधारित मृगनयनी डिजाईनर वस्त्र श्रंखला की लॉचिंग राजभवन में की। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख सचिव कुटीर एवं ग्रामोद्योग अनिरुद्ध मुकर्जी, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग एवं हथकरघा हस्तशिल्प विकास निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
दस वर्षों के परिश्रम के लिये सराहा
राज्यपाल ने चंदेरी महेश्वरी की नई डिज़ाइनर श्रंखला को देखा और शिल्पी विनोद मालेवर को उनके दस वर्षों के परिश्रम के लिये सराहा। आयुक्त हस्त एवं शिल्प मृगनयनी प्रबंध संचालक राजीव शर्मा ने राज्यपाल को निगम के आगामी हेरिटेज कलेक्शन सांची स्तूप श्रृंखला के बारे में जानकारी दी।
भीमबेटका संग्रह को तैयार किया
संचालक राजीव शर्मा ने बताया कि मृगनयनी द्वारा पुरातत्व विद् विष्णु श्रीधर वाकणकर की स्मृति में प्रस्तुत भीमबेटका संग्रह को तैयार किया है। इसके साथ ही श्रंखला में कॉटन के अंगवस्त्रम भी तैयार किए जा रहे हैं। साड़ियों की औसतन कीमत 3 हजार 5 सौ रुपये से शुरू होकर 8 हजार रुपये तक की है। इसी तरह अंगवस्त्रम भी तैयार किए गये है जिनका मूल्य सात सौ रुपये से पन्द्रह सौ रुपए है। अगले चरण में महिला सूट्स और यार्डेज भी इस श्रंखला के तहत बनाए जाएंगे। श्रंखला के उत्पाद भोपाल के जीटीबी कॉन्प्लेक्स में उपलब्ध हैं। इस अवसर पर भीमबेटका के पहले ग्राहक मनोज सिंह मीक को राज्यपाल द्वारा श्रंखला की निर्मित पहली साड़ी सौंपी गई।