5 December Bharat Band: ट्वीटर पर ट्रेंड हो रहा 5 दिसंबर को भारत बंद, जानें क्या है इसके पीछे सच्चाई

नई दिल्ली: सरकार और किसानों के बीच तनातनी अब तक खत्म नहीं हुई है। गुरुवार को सरकार और किसानों के बीच बातचीत हुई थी जिसमें फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ और अब शनिवार को फिर से वार्ता होगी। देखना होगा की क्या निष्कर्ष निकल के आता है। इस बीच सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर #5दिसंबर भारत बंद (5 December Bharat Band) ट्रेंड कर रहा है। इसके साथ ही ये हैश टैग भी ट्वीटर पर ट्रेंड कर रहे हैं। #कल भारत बंद रहेगा, #कल किसानों का भारतबंद रहेगा, #कल किसानों का भारतबंद रहेगा पर भी बहुत जबरदस्त रिएक्शन्स आ रहे हैं। आइए जानते हैं क्या है इसके पीछे सच्चाई…
दरअसल, ट्राइबल आर्मी नाम के संगठन ने किसानों के समर्थन में कल भारत बंद का आह्वान किया है। इसके बाद से लोग भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। इस संगठन के संस्थापक ने अपने ट्वीट में लिखा, प्रिय, किसानों। किसानपुत्रों। किसान शुभचिंतकों। केंद्र की मोदी सरकार अडानी-अम्बानी से विभिन्न एग्रीमेंट के समझौता पर हस्ताक्षर करने में चंद मिनीट लगाती है। फिर देश के अन्नदाता किसानों की मांग पर समझौता में इतनी देरी क्यों? 5 दिसंबर को देशव्यापी भारत बंद का ऐलान करते हैं।
दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर डटे किसान
दिल्ली हरियाणा की सीमाओं पर हज़ारों की संख्या में किसान जमा हुए हैं और वे लगातार धरने पर बैठे हुए हैं। हजारों की संख्या में किसान यहां जमे हैं। बीच बीच में बैठकों का दौर भी चल रहा है। सरकार की ओर से किसान संगठनो को बातचीत का प्रयास लगातार जारी है. इसी कड़ी में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की।
ट्रांसपोर्टर्स ने भी दी हड़ताल की धमकी
इससे पहले किसानों के समर्थन में उतरे ट्रांसपोर्टर्स ने भी हड़ताल की धमकी दी है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) ने किसानों के समर्थन में 8 दिसंबर को हड़ताल का आह्वान किया है। ट्रांसपोर्टरों की एक शीर्ष संस्था ने धमकी दी है कि अगर किसानों की मांग नहीं मानी गई तो वो पहले उत्तर भारत और फिर पूरे देश में आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई रोक देंगे।