पुडुचेरी में कोविड-19 के 36 नए मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 38,132 हुई

पुडुचेरी, 31 दिसंबर (भाषा) पुडुचेरी में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 36 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38,132 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हालांकि संक्रमण से पुडुचेरी, कराइकल, माहे और यानम में किसी भी व्यक्ति की मौत की खबर नहीं है और मृतकों की संख्या 633 बनी हुई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक एस मोहन कुमार ने बताया कि 36 नए मामले सामने आए हैं और पिछले 24 घंटे में स्वस्थ हुए 15 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली है।
केंद्रशासित प्रदेश में मृत्यु दर 1.66 फीसदी और स्वस्थ होने की दर 97.33 फीसदी है। यहां 384 लोगों का उपचार चल रहा है और अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 37,115 है।
स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने पीटीआई-भाषा को बताया कि उप राज्यपाल किरण बेदी और उनके कर्मी कोविड-19 से संक्रमित नहीं पाए गए हैं। राज निवास (उपराज्यपाल का कार्यालय सह आवास) में सोशल मीडिया विंग की एक महिला कर्मी संक्रमित पाई गई थी, जिसके बाद उप राज्यपाल और उनके कार्यालय के सभी 27 कर्मियों की जांच हुई। बेदी समेत सभी कर्मी निगेटिव पाए गए हैं।
भाषा स्नेहा पवनेश
पवनेश